हाथरस। थाना हसायन क्षेत्र के गांव भिंतर में एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 28 वर्षीय लोकेश पुत्र सुनील निवासी शियावरी, थाना खैरगढ़, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लोकेश पिछले करीब दो वर्षों से अपनी बुआ के गांव भिंतर में रह रहा था और वाहन चलाने का कार्य करता था। मंगलवार को उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे संभाल पाते, उससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना हसायन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों की जानकारी जुटा रही है।









