हाथरस।भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) में युवा नेतृत्व को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन के सक्रिय पदाधिकारी मंगलेश कुमार यादव को युवा जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
बताया जा रहा है कि मंगलेश यादव पिछले करीब 8 वर्षों से संगठन में रहकर ईमानदारी और निष्ठा के साथ किसानों के हक की आवाज बुलंद करते रहे हैं। उनकी सक्रियता और समर्पण को देखते हुए सर्वसम्मति से यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई।
प्रदेश नेतृत्व ने उन पर पूरा विश्वास जताते हुए कहा है कि युवा शक्ति को संगठित करने और किसानों के अधिकारों की मजबूती से पैरवी करने में यह नियुक्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। संगठन में इस निर्णय के बाद खुशी और उत्साह की लहर देखी जा रही है।
नवनियुक्त युवा जिला अध्यक्ष मंगलेश यादव ने कहा कि वे संगठन की गरिमा और अनुशासन को बनाए रखते हुए किसानों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने फसलों के उचित मूल्य के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।
साथ ही सिंचाई व्यवस्था में सुधार, बिजली आपूर्ति की समस्या, तथा खाद-बीज की उपलब्धता जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे हर वर्ग और गरीब किसानों के साथ खड़े रहेंगे तथा संगठन के आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी हैं। माना जा रहा है कि नए युवा नेतृत्व से किसानों की एकजुटता को और मजबूती मिलेगी।









