हाथरस।उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 को सकुशल, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ पुलिस लाइन, हाथरस स्थित ऑडिटोरियम में सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट्स तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समीक्षा बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी केंद्रों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर और बैठने की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। यदि किसी परीक्षार्थी को अव्यवस्था के कारण परेशानी होती है तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारियों की होगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी परीक्षा केंद्र पर मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं पाई जाती हैं, तो उस केंद्र को निरस्त कर दिया जाएगा और भविष्य में उसे परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। शासन की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में कराई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा, उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण और संकलन, प्रवेश व्यवस्था तथा सीसीटीवी निगरानी पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी अव्यवस्था पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी दी कि जनपद में बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। जनपद में कुल 99 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 44,370 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें हाईस्कूल के 22,162 और इंटरमीडिएट के 22,208 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन परीक्षा संचालन की सभी तैयारियां पूर्ण होने का दावा किया है।









