हाथरस।महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हाथरस नगर आज शिवमय हो उठा, जब 21 नन्हे शिवभक्तों ने भव्य एवं श्रद्धामयी कांवड़ यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
3 वर्ष से 8 वर्ष तक की आयु के इन नन्हे कांवड़ियों ने पूरे अनुशासन और भक्ति भाव के साथ यात्रा में सहभागिता की। कांवड़ यात्रा का शुभारंभ आस्था के प्रमुख केंद्र चौमुखा नाथ मंदिर से हुआ।
यात्रा पत्थर वाला बाजार, घंटाघर और हलवाई खाना बाजार होते हुए पुनः मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर नन्हे शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया गया।
इस यात्रा का मुख्य आकर्षण रही 25 फुट लंबी भव्य कांवड़, जिसे पांच श्रद्धालु अपने कंधों पर लेकर चल रहे थे। आकर्षक सजावट और भक्तिमय वातावरण ने सभी का मन मोह लिया।
नन्हे शिवभक्त पारंपरिक वेशभूषा में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहे। पूरा नगर शिव भक्ति में डूबा नजर आया।
इस पावन आयोजन का उद्घाटन श्री विवेक कुमार वार्ष्णेय द्वारा किया गया।
निस्वार्थ सेवा संस्थान के अध्यक्ष श्री सुनील अग्रवाल एवं उनके सहयोगियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में श्री दीपू गुरु, श्री गोलू खंडेलवाल, श्री ध्रुव कोठीवाल, श्री निष्कर्ष गर्ग, श्री अंकुर अग्रवाल, श्री पीयूष अग्रवाल, श्री अरुण खंडेलवाल, बंसल लाइटहाउस, श्री संजीव सैनी, श्री मनोज वैष्णव सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में सनातन संस्कृति, धार्मिक संस्कार और सामाजिक एकता की भावना को जागृत करने का माध्यम हैं।
नगरवासियों ने इस अद्भुत पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की कामना की।









