हनुमानजी चौकी के पास दो पक्षों में हुई जमकर मारपीट, दो हुए गंभीर घायल

0
16

हाथरस।हनुमान चौकी के पास दो पक्षों में मारपीट, दो गंभीर घायल
सासनी के श्री हनुमान चौकी क्षेत्र के निकट सड़क हादसे के बाद उपजे विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सासनी की गुहाना चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सिकुर निवासी मनोज पुत्र दिगंबर और सोनू पुत्र सुरेश चंद अपनी बाइक से किसी कार्यवश अलीगढ़ के गांव पाली गए थे। वापसी के दौरान रास्ते में एक अनियंत्रित बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों के हाथ-पैर में चोटें आईं। पीड़ित मनोज का आरोप है कि जिस बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मारी थी, उसी व्यक्ति ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर श्री हनुमान जी चौकी के पास उन्हें रोक लिया। वहां दबंगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी, जिसमें दोनों युवक लहुलुहान हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी लेकर आई।

सीएचसी में चिकित्सा प्रभारी डॉ. पंकज कुमार ने घायलों का परीक्षण कर प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन दोनों की हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस संबंध में सासनी कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर अवधेश कुमार ने बताया कि झगड़े की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here