थाना सादाबाद क्षेत्र में चन्द्रा फार्म हाउस के पास हुई सनसनीखेज गोलीकांड की घटना का खुलासा करते हुए एसओजी टीम और थाना सादाबाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 25-25 हजार रुपये के इनामी दो अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि 5 फरवरी 2026 को ग्राम समदपुर निवासी भारतीय सेना के जवान अखिलेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह न्यायालय से लौटते समय चन्द्रा फार्म हाउस के पास अज्ञात हमलावरों द्वारा फायरिंग का शिकार हो गए थे। इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन में पांच टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए थे।
पूर्व में इस मामले में शामिल सात अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जिनमें से पांच को हाथरस पुलिस तथा दो को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। शेष वांछित चल रहे 25-25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त भोला उर्फ भोलू और अंकित उर्फ हकला को 18 फरवरी को सलेमपुर बंबा की ओर हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग कर घायल अवस्था में पकड़ लिया।
अभियुक्तों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। दोनों घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।







