सिकंद्राराऊ नगर में पिछले कई वर्षों से विभिन्न मंदिरों में नियमित रूप से हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन होता आ रहा है। यह धार्मिक आयोजन विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं स्थानीय स्वयंसेवकों के सहयोग से संपन्न कराया जाता है।
इसी क्रम में मंगलवार, 17 फरवरी को नगर के नौरंगाबाद पश्चिम स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में भव्य हनुमान चालीसा पाठ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से पंचमुखी हनुमान जी की आरती कर परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।हनुमान चालीसा पाठ के उपरांत प्रसादी का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर दुर्गा वाहिनी की सह जिला संयोजिका प्रियांशी जी के प्रथम प्रवास एवं साप्ताहिक सत्संग कार्यक्रम के तहत उनका पटका पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।







