हाथरस।18 फरवरी 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक बन्धु समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चन्द्र ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य भूतपूर्व सैनिकों, शहीद सैनिकों के आश्रितों एवं सेवारत सैनिकों के परिवारों की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना रहा।
अपर जिलाधिकारी ने सैनिकों एवं उनके परिजनों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध समाधान किया जाए और अनुपालन आख्या भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों की देखभाल करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सैनिकों से जुड़े किसी भी प्रकरण को लंबित न रखा जाए और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर रघुवीर सिंह ने जनवरी 2026 तक की गई कार्यवाही की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 14 सेवानिवृत्त सैनिकों एवं 3 दिवंगत सैनिकों की पत्नियों को पहचान पत्र जारी किए गए। तीन पूर्व सैनिकों के नाम रोजगार हेतु डीजीआर दिल्ली को भेजे गए। सात प्रकरणों को पुलिस एवं प्रशासन को कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया। आठ आश्रितों को पारिवारिक पेंशन दिलाने की कार्रवाई की गई तथा 12 आश्रितों को विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु प्रमाण पत्र जारी किए गए।
द्वितीय विश्व युद्ध के चार सैनिकों एवं उनकी पत्नियों को 6000 रुपये प्रतिमाह की दर से पेंशन का भुगतान किया गया है। वहीं कारगिल युद्ध में शहीद सैनिकों की पत्नियों को 7500 रुपये तथा माता-पिता को 5000 रुपये प्रतिमाह की दर से पेंशन वितरित की गई है।
बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








