हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला विभव नगर में गुरुवार सुबह दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में दोनों पक्षों के कुल 11 लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच भैंस चोरी के शक को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। गुरुवार को बच्चों के बीच हुए झगड़े ने पुराने विवाद को फिर भड़का दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों व कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों पक्षों के तीन लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घायलों में इस्लाम, पिंटू, आमिर, रुखसाना, पलिया, सलमान, गुड्डी, परवीन, रुखसार और असलम समेत कुल 11 लोग शामिल हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।







