सड़क पर तेलनुमा पदार्थ फैलने के कारण फिसली 8 बाइक,15लोग हुए घायल

0
10

 

हाथरस।सादाबाद के हाथरस मार्ग स्थित एनएच-509 पर शुक्रवार सुबह करीब पौने दस बजे अचानक हादसों की झड़ी लग गई। बैंक ऑफ इंडिया के सामने किसी अज्ञात वाहन से सड़क पर फैले तेलनुमा तरल पदार्थ के कारण फिसलन की स्थिति बन गई। इसके परिणामस्वरूप, महज 10 से 15 मिनट के भीतर आठ बाइक सवार फिसलकर गिर पड़े। इन हादसों में लगभग 15 महिला-पुरुष घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर एक पारदर्शी, तेल जैसा तरल पदार्थ फैला हुआ था, जो दूर से दिखाई नहीं दे रहा था। जैसे ही दोपहिया वाहन उस हिस्से से गुजरे, उनका संतुलन बिगड़ गया और सवार सड़क पर गिरते चले गए। एक बाइक के गिरने के बाद पीछे से आ रहे अन्य वाहन सवार भी फिसलते गए, जिससे कुछ ही देर में मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों में अधिकांश को हाथ-पैर व शरीर पर हल्की चोटें आईं। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और मदद की। दो लोगों को अधिक चोट लगने के कारण उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद अन्य घायलों को घर भेज दिया गया।

लगातार हो रही दुर्घटनाओं की सूचना मिलते ही हाईवे अथॉरिटी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क पर फैले तरल पदार्थ पर मिट्टी डलवाकर उसे सोखवाया, जिसके बाद फिसलन की स्थिति समाप्त हुई और यातायात सामान्य हो सका। लगभग आधे घंटे तक वाहन चालकों में दहशत का माहौल बना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here