तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पार कर रहे युवक को रौंदा, हादसे में युवक की हुई दर्दनाक मौत

0
3

हाथरस।सिकंद्राराऊ थाना क्षेत्र के पंत चौराहे के निकट एक बार फिर तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने एक और जिंदगी निगल ली। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार मनीष पुत्र राजकुमार, उम्र करीब 38 वर्ष, निवासी नगला शीशगढ़, सड़क पार कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि वह साइन आनंद बल्लभ स्कूल के सामने जीटी रोड की दूसरी ओर जाने के लिए डिवाइडर पर चढ़े ही थे कि तभी अलीगढ़ की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर का पिछला पहिया मनीष के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर डंपरों की ओवरस्पीड और ओवरलोडिंग लंबे समय से बड़ी समस्या बनी हुई है। पूर्व में भी इस मुद्दे को लेकर खबरें प्रसारित की गईं, लेकिन हालात में कोई ठोस सुधार नजर नहीं आया। नगर में पिछले कई वर्षों से जीटी रोड निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते भारी वाहनों की आवाजाही और भी बढ़ गई है।

अब सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ेगा? क्या प्रशासन डंपरों की रफ्तार और रूट पर सख्ती से नियंत्रण करेगा, या फिर यूं ही मासूम जिंदगियां सड़कों पर कुचली जाती रहेंगी?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here