हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मामला सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र का है, जहां जीटी रोड स्थित पंत चौराहे के पास शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे तेज रफ्तार अज्ञात मैक्स वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई
मृतक की पहचान 21 वर्षीय गौरव कुमार पुत्र शिशुपाल सिंह निवासी ग्राम अमादापुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गौरव अपनी बाइक से कहीं जा रहा था, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार मैक्स वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेजने की तैयारी शुरू कर दी।
हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।







