हाथरस जनपद की तहसील सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव टटी डंडिया स्थित लगभग 1400 बीघा जंगल में वन्य जीवों की घटती संख्या को लेकर वन्य जीव संरक्षण समिति ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की गई है। समिति ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर जंगल में पानी, पौधरोपण और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की अपील की है।
समिति के अनुसार टटी डंडिया, ऐचौला सहायतपुर, बरतर खास व टीकरी खुर्द क्षेत्र के जंगल में काले हिरण, नीलगाय, खरगोश और मोर सहित कई वन्य जीव विचरण करते हैं। आरोप है कि वन विभाग द्वारा पर्याप्त बजट मिलने के बावजूद जंगल में पानी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है।
समिति का कहना है कि कुछ वर्ष पूर्व जहां 350 से 400 तक काले हिरण थे, वहीं अब उनकी संख्या घटकर करीब 50 रह गई है, जिससे वन्य जीवों के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। जंगली कुत्तों व सियारों द्वारा शावकों को नुकसान पहुंचाने की बात भी पत्र में कही गई है।
समिति ने मांग की है कि जंगल में छायादार व फलदार पौधे लगाए जाएं, डैम से पाइपलाइन के माध्यम से पानी की व्यवस्था की जाए तथा हिरणों की सुरक्षा के लिए चारों ओर तारबंदी कर संरक्षित पार्क बनाया जाए।







