फौजी हत्याकांड का एक और आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार,25 हज़ार का था इनामी

0
6

 

हाथरस। सादाबाद क्षेत्र में हुए चर्चित फौजी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। ₹25 हजार के इनामी बदमाश मुकेश कुमार उर्फ गब्बर के पैर में जवाबी फायरिंग के दौरान गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है।

घटना 5 फरवरी को सादाबाद क्षेत्र में हुई थी। सेना के जवान अखिलेश कुमार, निवासी ग्राम समदपुर, न्यायालय से तारीख कर अपने मित्र की कार से आगरा की ओर जा रहे थे। चंद्रा फार्म हाउस के पास ईको कार और बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

पहले भी कई आरोपी हो चुके गिरफ्तार

7 फरवरी: बॉबी उर्फ विशाल और राजा उर्फ राहुल गिरफ्तार कर जेल भेजे गए।

9 फरवरी: हरियाणा पुलिस ने कमलकांत और विक्रम सिंह को पकड़ा।

16 फरवरी: हेमंत गिरफ्तार।

17 फरवरी: रमेश और जगवीर मुठभेड़ में पकड़े गए।

18 फरवरी: भोला उर्फ भोलू और अंकित उर्फ हकला को भी पुलिस ने दबोचा।

लगातार हो रही गिरफ्तारियों से पुलिस इस हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ने में जुटी रही।

अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा पांच विशेष टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर आरोपियों की तलाश तेज कर रखी थी। वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए ₹25,000 का इनाम भी घोषित किया गया था।

ताजा कार्रवाई में सूचना मिलने पर पुलिस ने सैनपुर बंबा की ओर आरोपी को घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई। गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

हत्याकांड की जांच अंतिम चरण में

पुलिस का कहना है कि अधिकांश आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और शेष कड़ियों को जोड़ते हुए मामले में जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी। इस कार्रवाई को हत्याकांड के खुलासे की दिशा में अहम माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here