हाथरस।उत्तर प्रदेश के करकमलों से कृषि विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं राजस्व व आपदा विभाग की योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थी किसानों को One Click DBT के माध्यम से क्षतिपूर्ति राशि का वितरण किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने सीधे प्रसारण के माध्यम से प्रदेश भर के लाभार्थियों को धनराशि हस्तांतरित की तथा कुछ लाभार्थी किसानों से संवाद भी किया।
जनपद में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत 116 किसानों को कुल 8 लाख 87 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति प्रदान की गई। वहीं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 10 परिवारों के 23 लाभार्थियों को 50 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की गई।
इसके अतिरिक्त, जनपद में प्रशिक्षित 100 आपदा मित्रों को प्रति आपदा मित्र 5 हजार रुपये के मान से कुल 5 लाख रुपये की बीमा धनराशि शासन स्तर से संबंधित विभाग को उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर प्रातः 10 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मा० विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, मा० विधायक सादाबाद श्री वीरेन्द्र सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, रालोद जिलाध्यक्ष श्याम सिंह सहित मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, प्रभार अधिकारी कलेक्ट्रेट, नायब तहसीलदार हाथरस एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आपदा मित्रों, लाभार्थियों और किसानों ने मुख्यमंत्री जी का संबोधन सुना और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
One Click DBT के माध्यम से क्षतिपूर्ति वितरण के उपरांत जनप्रतिनिधियों ने जनपद के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं चेक वितरित कर सम्मानित किया। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित योजनाओं, दुर्घटना बीमा तथा आपदा से हुए नुकसान की भरपाई संबंधी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उपस्थित किसानों का आभार व्यक्त किया।









