सासनी।प्रखंड सासनी के पदाधिकारियों द्वारा छिपेटी वाल्मीकि बस्ती में सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन पूजन से हुआ, जिसमें बस्तीवासियों और अतिथियों ने आहुतियां देकर सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्य अतिथि जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव एवं कार्यक्रम अध्यक्ष बालकिशन वाल्मीकि ने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। अपने संबोधन में डॉ. भार्गव ने कहा कि समाज में समरसता और निस्वार्थ सेवा भाव से ही ‘रामराज’ की संकल्पना साकार हो सकती है। जब तक समाज का प्रत्येक वर्ग एक-दूसरे के प्रति सम्मान का भाव नहीं रखेगा, तब तक राष्ट्र की उन्नति संभव नहीं है।
उन्होंने शास्त्रों के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए श्रीकृष्ण द्वारा विदुर के घर भोजन करने और श्रीराम द्वारा माता शबरी के बेर ग्रहण करने की घटनाओं को सामाजिक समरसता का प्रेरक उदाहरण बताया। जिला संगठन मंत्री देवराज जी ने समाज को संगठित और एकजुट रहने का आह्वान किया। विभाग संयोजक बजरंग दल हर्षित गौड़ ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्गों को साथ लाकर सशक्त और संगठित समाज का निर्माण करना है।
जिला सह मंत्री अमरदीप ने कहा कि यह प्रयास समाज को जातिगत भेदभाव से मुक्त कर एकता के सूत्र में पिरोने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के अंत में प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
हवन एवं विचार गोष्ठी के पश्चात समरसता सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। इस अवसर पर ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना जीवंत होती नजर आई।









