हाथरस में शॉर्ट सर्किट से कॉम्प्लेक्स में लगी आगः मेडिकल स्टोर से फैली, दमकल कर्मियों ने पाया
हाथरस शहर के सर्कुलर रोड स्थित चैतन्य कॉम्प्लेक्स में आज रविवार रात करीब 9 बजे आग लग गई। कॉम्प्लेक्स की पहली मंजिल पर स्थित एक मेडिकल स्टोर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग ने देखते ही देखते आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें और धुआं उठते देख वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैली और पूरे परिसर में घना धुआं भर गया, जिससे अन्य दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों ने तत्काल फर्म स्वामी, अन्य दुकानदारों और फायर स्टेशन को सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।
दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए कुछ दुकानों के शटर खुलवाए गए, जबकि कुछ के ताले तोड़कर अंदर तक पहुंच बनाई गई। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि, इस घटना में मेडिकल स्टोर और आसपास की कई दुकानों में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।









