मोडिफाइड साइलेंसर पर पुलिस ने की कार्यवाही,8 वाहनों को किया सीज

0
3

 

हाथरस में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज और पटाखे जैसी आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन में विशेष अभियान चलाते हुए थाना हाथरस गेट पुलिस ने 8 वाहनों को सीज किया है।

दरअसल, थाना हाथरस गेट क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ असामाजिक तत्व स्कूलों की छुट्टी के समय मॉडिफाइड साइलेंसर वाली मोटरसाइकिलों से तेज आवाज और पटाखों जैसी आवाज निकालकर बच्चों और अभिभावकों को परेशान कर रहे हैं।

इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चिरंजीव नाथ सिन्हा, पुलिस अधीक्षक हाथरस ने तत्काल संज्ञान लिया और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में एक टीम गठित कर विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।

निर्देशों के क्रम में स्कूलों के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना हाथरस गेट पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 8 मोटरसाइकिलों को चिन्हित किया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत सभी वाहनों को सीज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगे भी इस प्रकार का अभियान लगातार जारी रहेगा और जो भी व्यक्ति यातायात नियमों का उल्लंघन करेगा या सार्वजनिक शांति भंग करेगा, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि कानून व्यवस्था और सार्वजनिक शांति बनी रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here