हाथरस में होली के त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने आज बुधवार को छापेमार अभियान चलाया। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी सासनी नीरज कुमार शर्मा के नेतृत्व और सहायक आयुक्त रणधीर सिंह व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के निर्देशन में तहसील सासनी क्षेत्र में की गई।
अभियान के तहत रुदायन रोड स्थित एस एस ट्रेडर्स पर छापा मारा गया। प्रतिष्ठान में बिक्री के लिए रखे खुले सरसों के तेल का नमूना जांच के लिए लिया गया। मौके पर मौजूद लगभग 50 लीटर सरसों के तेल को सीज कर खाद्य कारोबारी की अभिरक्षा में सौंपा गया।
इसी क्रम में, इस प्रतिष्ठान से केसर ब्रांड तिल के तेल का भी नमूना लिया गया। बचा हुआ 60 लीटर तिल का तेल भी मौके पर सीज कर दिया गया। इस प्रकार कुल 110 लीटर तेल जब्त किया गया।
सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सचल टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विकास कुमार, करतार सिंह और सुरेंद्र कुमार गौड़ भी शामिल थे।









