हाथरस नगर पालिका परिषद में कूड़े के ढेर में लाखों रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट रसीदें (एफडीआर) मिली हैं। ये महत्वपूर्ण दस्तावेज एक ऐसे व्यक्ति को मिले जो जन्म प्रमाण पत्र बनवाने आया था। इस घटना से नगर पालिका प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
परशुराम सेना के प्रदेश अध्यक्ष राजू कौशिक आज जन्म प्रमाण पत्र के सिलसिले में नगर पालिका पहुंचे थे। उन्हें कूड़े के ढेर पर ये दस्तावेज मिले, जिसके बाद उन्होंने इन्हें नगर पालिका में जमा कराया। सूचना मिलते ही नगर पालिका प्रशासन में खलबली मच गई। यह सवाल उठ रहा है कि नगर पालिका कार्यालय में होने वाले ये महत्वपूर्ण दस्तावेज आखिर कूड़े के ढेर तक कैसे पहुंचे। इससे किसी घपले की भी बू आ रही है। टेंडर लेते समय यह एफडीआर जमा कराई जाती हैं।
गौरतलब है कि इस समय नगर पालिका में कई घोटालों और अनियमितताओं की जांच चल रही है, जो सुर्खियों में भी हैं। पिछले साल भी 41 फर्जी एफडीआर का उपयोग करके नगर पालिका से पांच करोड़ रुपये के ठेके लिए गए थे। उस मामले में आरोपी जेई और ठेकेदारों की मिलीभगत सामने आई थी। जिलाधिकारी के आदेश पर प्रशासनिक जांच के बाद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) ने जेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में अभी जांच पड़ताल चल रही है।
इस पूरे प्रकरण पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह का कहना है कि यह मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने बताया कि वह इस संबंध में जानकारी हासिल करेंगे।










