हाथरस के थाना चंदपा क्षेत्र स्थित सेंट्रल पब्लिक इंटर कॉलेज, दानापुर में किताबों के भुगतान को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया। युवती ने विद्यालय प्रबंधन पर मारपीट और छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़िता के अनुसार उसने कॉलेज को लगभग पांच लाख रुपये से अधिक कीमत की किताबें उपलब्ध कराई थीं, जिनका भुगतान बकाया था। बकाया राशि मांगने पर उप प्रधानाचार्य आरती शर्मा द्वारा उसके साथ मारपीट की गई। साथ ही प्रधानाचार्य अनुराग शर्मा और कुछ स्टाफ सदस्यों पर उसे कमरे में बंद कर अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







