हाथरस।पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में स्टूडेंट्स पुलिस एक्सपीरियंशल लर्निंग यानी SPEL प्रोग्राम के तृतीय चरण के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम रिजर्व पुलिस लाइन हाथरस स्थित माधव प्रेक्षा ग्रह में आयोजित हुआ, जिसमें बागला डिग्री कॉलेज, हाथरस तथा राजकीय विद्यालय कुरसण्डा, हाथरस से आए छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आत्मरक्षा यानी सेल्फ डिफेंस के प्रति जागरूक करना और आपात परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए सक्षम बनाना रहा।
प्रशिक्षकों द्वारा छात्रों को खतरे की स्थिति पहचानने, सतर्क रहने, तेज आवाज में सहायता मांगने और सरल आत्मरक्षा तकनीकों का अभ्यास कराया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि आत्मरक्षा का अर्थ आक्रामक होना नहीं, बल्कि समझदारी और संयम के साथ स्वयं को सुरक्षित रखना है।
कार्यक्रम में आत्मविश्वास, अनुशासन और मानसिक सुदृढ़ता पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने और सुरक्षित वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।









