हाथरस जिले के सासनी के विजयगढ़ राजमार्ग स्थित यूनियन पब्लिक स्कूल में इस सप्ताह स्पोर्ट्स वीक का आयोजन किया गया। पूरे सप्ताह विद्यालय परिसर में खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का माहौल रहा, जिसमें विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्पोर्ट्स वीक के दौरान 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट, फुटबॉल और बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छोटे बच्चों के लिए फन रेस, लेमन रेस और संतुलन दौड़ जैसी गतिविधियां भी रखी गईं, जिनमें उन्होंने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर आकाश सिंह और माधुरी राजावत ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया। माधुरी राजावत एवं आकाश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशों का पालन करते हुए विद्यार्थियों के परीक्षा तनाव को कम करने के लिए इन खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि खेल शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं। उन्होंने छात्रों को खेलों में नियमित भागीदारी के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में निर्देशिका माधुरी राजावत और प्रधानाचार्या अर्शी अज़ीज़ ने विजयी प्रतिभागियों को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उप प्रधानाचार्य प्रमोद प्रताप सिंह और अन्य शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके प्रदर्शन की सराहना की।
इस स्पोर्ट्स वीक ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया, साथ ही आगामी परीक्षाओं के तनाव को कम करने का अवसर भी प्रदान किया।









