थाना सासनी थाना क्षेत्र के गांव सठिया में एक महिला के साथ उसके ससुराल पक्ष द्वारा लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने घटना की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार गांव सठिया निवासी चंद्रकला पत्नी सुरेश उर्फ नेहना गुरुवार सुबह अपने घर पर खाना बना रही थीं। आरोप है कि तभी उनके चचिया ससुर और उनके बेटे लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। मारपीट में चंद्रकला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पीड़िता ने बताया कि उनके पहले पति ओमप्रकाश पुत्र किशन लाल की वर्ष 2010 में बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। इसके बाद परिवार के भरण-पोषण के लिए उन्होंने अपने देवर के साथ विवाह कर लिया। आरोप है कि ससुराल पक्ष इस विवाह से नाराज था और इसी रंजिश के चलते उनके साथ मारपीट की गई।
चंद्रकला ने बताया कि उनके पहले पति से तीन बच्चे हैं और बच्चों के भविष्य को देखते हुए उन्होंने यह निर्णय लिया था। वर्तमान में वह गांव सठिया में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती के रूप में कार्यरत हैं। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उधर, घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग महिला को लाठी-डंडों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।







