हाथरस।दुष्कर्म के एक मामले में जयपुर से हाथरस कोर्ट में तारीख करने आए युवक के साथ उसके ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार जयपुर निवासी युवक के खिलाफ उसके ससुरालियों ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा रखा है। युवक इसी मामले में कोर्ट में पेशी के लिए हाथरस आया था। बताया जा रहा है कि कोर्ट में तारीख करने के बाद जब वह वापस जयपुर जाने के लिए शहर के तालाब चौराहे पर पहुंचा, तभी ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
बीच सड़क पर मारपीट होते देख वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ससुरालियों के चंगुल से छुड़ाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
मीडिया से बातचीत में युवक ने आरोप लगाया कि उसके खिलाफ दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है। उसका कहना है कि संबंधित युवती उसके साथ जयपुर में ही रहती है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।







