हाथरस। होलिका दहन के समय को लेकर शहर में बनी असमंजस की स्थिति को समाप्त करते हुए युवा पंडित परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में तय किया गया कि इस वर्ष 2 मार्च को होलिका पूजन तथा 3 मार्च (मंगलवार) प्रातः 5:19 बजे होलिका दहन किया जाएगा।
विद्वानों ने बताया कि इस बार ग्रहण संबंधी स्थिति को ध्यान में रखते हुए शास्त्रसम्मत विचार-विमर्श के बाद यह समय निर्धारित किया गया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि शहर की बड़ी होली किला गेट पर भी निर्धारित समयानुसार ही होलिका दहन संपन्न कराया जाएगा।
बैठक का आयोजन पीताम्बरा मंदिर में किया गया। बैठक में आचार्य पं. सुरेश चन्द्र दीक्षित, पं. विनोद मिश्र, पं. गणेश चन्द्र वशिष्ठ, पं. गोपीनाथ मिश्र, पं. पंकज मिश्र, पं. श्रीनाथ शास्त्री सहित अन्य विद्वान उपस्थित रहे।
युवा पंडित परिषद ने शहरवासियों से निर्धारित समय पर ही होलिका पूजन एवं दहन करने की अपील की है, जिससे सभी धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधानपूर्वक संपन्न हो सकें।









