हाथरस। थाना सहपऊ क्षेत्र के गांव मढाका के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक ने सड़क पार कर रही किशोरी को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, गांव मढाका निवासी महिपाल की 12 वर्षीय बेटी ज्योति घर से कहीं जा रही थी। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई और ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को वाहन सहित पकड़ लिया।
परिजन घायल ज्योति को तत्काल उपचार के लिए आगरा के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।







