हाथरस जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में शादी के महज चार दिन बाद ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने पूरे मोहल्ले को हैरान कर दिया। नई का नगला, नई बस्ती में एक नवविवाहिता पर ससुराल पक्ष को बेहोश कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार होने का आरोप लगा है।
बताया जा रहा है कि 21 फरवरी को सुनील की शादी परसारा गांव निवासी 20 वर्षीय मोनिका से हुई थी। शादी के बाद से ही घटनाओं ने फिल्मी मोड़ लेना शुरू कर दिया। पति का आरोप है कि सुहागरात के दिन दुल्हन ने उसे पास नहीं आने दिया और चाकू से हमला कर घायल कर दिया।
आरोप है कि 25 फरवरी की शाम दुल्हन ने पूरे परिवार के लिए खुद खाना बनाया। बड़े प्यार से सभी को खाना खिलाया, खाना खाते ही परिवार के सभी लोग बेहोश हो गए, सुबह जब आंख खुली तो घर का नजारा बदला हुआ था—कमरा खाली, मुख्य दरवाजा खुला और अलमारी से करीब 10 लाख रुपये के सोने के जेवर, 4-5 लाख रुपये के चांदी के जेवर और 18 हजार रुपये की नकदी के साथ दुल्हन मोनिका गायब थी।
परिवार का दावा है कि नवविवाहिता का पहले से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह उसी के साथ चली गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जाएगी।
शादी के चार दिन बाद हुए इस घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी है। लोग इसे ‘फिल्मी कहानी’ बता रहे हैं, तो वहीं पुलिस तथ्य जुटाने में लगी है।









