सिकंद्राराऊ नगर में जल निगम की कार्य संस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है।
सिकंदराराऊ के बगिया बारहसैनी क्षेत्र में बनी पानी की टंकी पर आधा दर्जन से अधिक युवक चढ़ गए।
बताया जाता है कि टंकी पर इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है, इसके बावजूद वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आए।
स्थानीय लोगों ने जब युवकों को टंकी के शीर्ष पर चढ़कर स्टंट करते देखा तो उनके होश उड़ गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल आवाज लगाकर युवकों को नीचे उतरने के लिए कहा, जिसके बाद सभी को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
गौरतलब है कि यदि इस दौरान किसी युवक का पैर फिसल जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना ने निर्माण कार्य की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब निर्माण कार्य प्रगति पर है तो संबंधित संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों को वहां सुरक्षा घेरा की व्यवस्था करनी चाहिए।









