सासनी। रंगभरी एकादशी के पावन अवसर पर सासनी नगर में आयोजित भव्य राधा-कृष्ण शोभायात्रा ने ऐतिहासिक रूप ले लिया। अयोध्या चौक से प्रारंभ हुई इस शोभायात्रा में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष राजीव कुमार वार्ष्णेय, विनय कुमार गुप्ता, वकील वार्ष्णेय एवं डॉ. विकास शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर डॉ. विकास शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा, “हमारी सनातन संस्कृति ही हमारी सबसे बड़ी पहचान है। समाज की एकता और सांस्कृतिक जागरूकता से ही राष्ट्र सशक्त बनता है।”
नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती शोभायात्रा में पुष्पवर्षा, गुलाल और जयघोष से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय रहा। बैंड-बाजों की धुनों और राधा-कृष्ण के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
देर रात तक चले रसिया कार्यक्रम में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन में क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक जागरण और जनएकता का सशक्त संदेश बनकर उभरा।









