हाथरस। थाना सादाबाद क्षेत्र के गांव बरामई के बाहर एक पेड़ पर 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव बरामई निवासी 60 वर्षीय बारीलाल पुत्र बनी सिंह रविवार सुबह से घर से लापता थे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। सोमवार सुबह कुछ ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी गांव के बाहर सहतूत के पेड़ पर एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका दिखाई दिया।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पहचान होने पर पता चला कि शव बारीलाल का है। पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं ग्रामीणों के अनुसार मृतक पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में चल रहा था।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।









