हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ में एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 33 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पीड़ित पति ने इसकी शिकायत थाना पुलिस से की है।
जानकारी के अनुसार थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के चमनपूरा निवासी अशोक कुमार सोमवार को अपनी 33 वर्षीय पत्नी अनिता देवी को पेट दर्द की शिकायत होने पर उपचार के लिए ईदगाह रोड स्थित रचित अल्ट्रासाउंड सेंटर एंड हॉस्पिटल में लेकर पहुंचे, डॉक्टरों ने बीमार अनिता को भर्ती कर लिया।
महिला के पति अशोक का आरोप है कि अस्पताल में काफी देर तक उसका इलाज किया जाता रहा, लेकिन हालत बिगड़ने के बावजूद डॉक्टरों ने अनिता को रेफर नहीं किया, और अनिता की मौत होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ भेज दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पीड़ित पति ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।









