हाथरस। थाना सिकंद्राराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव बाजिदपुर में पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद में बेटे की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव बाजिदपुर निवासी 30 वर्षीय सत्यवीर सिंह का किसी बात को लेकर अपने पिता कोमल सिंह से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट हो गई। इसी दौरान पिता कोमल सिंह ने डंडे से सत्यवीर के सिर और छाती पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन घायल सत्यवीर को उपचार के लिए अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। लेकिन मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में सत्यवीर ने दम तोड़ दिया।
सत्यवीर की मौत के बाद परिजन उसका शव गांव वापस ले आए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









