हाथरस। जनपद में एलपीजी सिलेंडर को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच गुरुवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मोहनगंज स्थित ओम साईं इंडियन गैस सर्विस एजेंसी का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने गैस एजेंसी संचालक से एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता और उपभोक्ताओं को दी जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही मौके पर मौजूद ग्राहकों से गैस बुकिंग की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि ऊपर के स्तर पर सर्वर डाउन होने के कारण उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग में समस्या आ रही है। इसे देखते हुए उन्होंने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि किसी भी उपभोक्ता को किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए। भीड़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जनपद की सभी गैस एजेंसियों पर पुलिस फोर्स तैनात करने के निर्देश भी दिए हैं।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि गैस एजेंसियों पर किसी भी प्रकार का हंगामा या गलत व्यवहार न करें। प्रशासन उपभोक्ताओं की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सभी को गैस उपलब्ध कराने की व्यवस्था कर रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि लोग किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़े हैं, लेकिन जिस तरह की अफवाहें फैल रही हैं, उन पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मथुरा रोड स्थित एक गैस गोदाम का भी निरीक्षण किया और वहां गैस की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी ध्रुव यादव, सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राघव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









