हाथरस। थाना सिकन्द्राराऊ क्षेत्र में पिता द्वारा बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 10 मार्च की शाम करीब 6:30 बजे थाना सिकन्द्राराऊ क्षेत्र के गांव वाजिदपुर में घरेलू विवाद को लेकर पिता और पुत्र के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर पिता कोमल सिंह ने अपने पुत्र सत्यवीर पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सत्यवीर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर थाना सिकन्द्राराऊ में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थाना सिकन्द्राराऊ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कोमल सिंह पुत्र घनश्याम सिंह निवासी वाजिदपुर को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा (आलाकत्ल) भी बरामद कर लिया।









