हाथरस के कोतवाली सदर क्षेत्र की हनुमान गली में आज शाम एक मकान में भीषण आग लग गई। विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग से लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग ने स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
यह घटना शाम लगभग सात बजे हुई, जब शहर की घनी आबादी वाले इलाके में स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर आग की लपटें उठने लगीं। आग देखकर गली में अफरा-तफरी मच गई और लोगों को डर सताने लगा कि कहीं आग आसपास के मकानों में न फैल जाए।
मकान स्वामी राजू शर्मा ने बताया कि आग से भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने तुरंत आग पर काबू पाने का प्रयास किया और फायर स्टेशन को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी पर पहुंच गईं। मकान मालिक राजू शर्मा के अनुसार, आग से करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग में घर का काफी घरेलू सामान जलकर राख हो गया।









