हाथरस।सासनी में बैंक से पैसा निकालकर जा रहे एक वृद्ध से करीब साढ़े चार लाख रुपये लूटने की कोशिश का मामला सामने आया है। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से दोनों महिला चोरों को पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।
दरअसल मामला सासनी-इगलास रोड का है, जहां करीब 60 वर्षीय रामगोपाल घरेलू काम के लिए पंजाब नेशनल बैंक से करीब साढ़े चार लाख रुपये निकालकर अपने घर जा रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठी दो महिलाओं ने उनका रुपयों से भरा थैला छीन लिया और अपने बाइक सवार साथियों के साथ भागने की कोशिश करने लगीं।
अचानक हुई इस घटना से वृद्ध घबरा गए, लेकिन उन्होंने तुरंत शोर मचा दिया। शोर सुनते ही आसपास मौजूद लोग और राहगीर सक्रिय हो गए और भाग रही महिलाओं का पीछा करना शुरू कर दिया। लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए के एल जैन इंटर कॉलेज के सामने दोनों महिलाओं को घेरकर पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। वहीं पीड़ित रामगोपाल को भी आरोपियों की पहचान के लिए बुलाया गया
इस पूरे मामले में प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह का कहना है कि दोनों महिलाओं को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या इन लोगों ने क्षेत्र में पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं पीड़ित रामगोपाल के अनुसार दोनों महिला चोर उनके पैसे लेकर भागने में सफल नहीं हो सकीं और रकम सुरक्षित है।









