हाथरस। जनपद में दवाओं की उपलब्धता और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ शनिवार को अलीगढ़ रोड स्थित मंडी समिति के पास स्थित सुधा मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेडिकल स्टोर पर उपलब्ध दवाओं, उनके रख-रखाव, अभिलेखों तथा सीसीटीवी कैमरों के संचालन आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालक को निर्देश दिए कि दवाओं की गुणवत्ता, वैधता और भंडारण व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। दवाओं की उपलब्धता और उनके वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान मौके पर एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह और नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा भी मौजूद रहे।









