सासनी सेंट्रल बैंक से लोन लेकर खरीदकर मशीनरी बेची
सासनी-14 मार्च। कस्बा के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सासनी शाखा से व्यापार के लिए ऋण लेकर खरीदी गई मशीनरी को बिना बताए बेचने के आरोप में बैंेक के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया है।
शनिवार को बैंक ऑफ इंडिया (शाखा सासनी) के वरिष्ठ प्रबंधक विकेश कुमार के अनुसार उन्होंने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, जिसमें बताया कि ग्राम नगला लच्छी निवासी मुनीष कुमार पुत्र सतीश कुमार ने पीएमईजीपी योजना के तहत वित्तीय सहायता के लिए आवेदन किया था। बैंक ने जून 2024 में मुनीष कुमार के व्यापार हेतु आगरा रोड स्थित कान्हा कोल्ड स्टोरेज के कार्यस्थल के लिए टर्म लोन और सीसी लिमिट स्वीकृत की थी। इस ऋण राशि से मुनीष ने मशीनरी खरीदी और अपना व्यवसाय शुरू किया। शिकायत में कहा है कि आरोपी ने कुछ समय तक काम सही ढंग से किया। हालांकि, नवंबर 2025 में उसने बैंक को सूचित किए बिना अपनी कार्यशाला का स्थान बदल दिया। जब बैंक अधिकारी ने कार्यस्थल का निरीक्षण किया, तो वहां से मशीनरी गायब पाई गई। पूछताछ करने पर आरोपी मुनीष कुमार कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। जांच में सामने आया कि आरोपी ने बैंक की अनुमति के बिना और ऋण राशि हड़पने के उद्देश्य से, बैंक के पास बंधक रखी गई मशीनरी को किसी अन्य व्यक्ति को अवैध रूप से बेच दिया था। कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि बैंक प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी और बैंक के साथ किए गए करार के उल्लंघन की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।









