हाथरस से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में एक ऑटो ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दरअसल, यह पूरा मामला कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के इगलास बाईपास के पास का है। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार ऑटो ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजनों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल जिला अस्पताल में सभी घायलों का उपचार जारी है। वहीं इस हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।









