हाथरस के सिकंदराराऊ में पुलिस की नाक के नीचे चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। जहां राठी चौराहे के पास चार युवकों ने एक सर्राफा दुकान के सीसीटीवी कैमरे तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल से महज पांच मीटर की दूरी पर पुलिस का कड़ा पहरा रहता है, इसके बावजूद बदमाशों ने घटना को अंजाम दे दिया।
दरअसल, कस्बा सिकंदराराऊ के राठी चौराहे के पास स्थित चौहान ज्वेलर्स की दुकान पर रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब दुकान मालिक अभय चौहान रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे टूटे हुए हैं और मौके से गायब हैं।
जब उन्होंने आसपास लगे कैमरों और वीडियो की जांच की तो सामने आया कि रात के समय चार युवक दुकान के पास पहुंचे और सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और उन्हें चोरी कर ले गए। हालांकि आरोपी दुकान के अंदर दाखिल नहीं हो सके, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
दुकान मालिक अभय चौहान का आरोप है कि घटना स्थल से महज पांच मीटर की दूरी पर राठी चौराहे पर पुलिस का कड़ा पहरा रहता है, इसके बावजूद बदमाशों ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे दिया। इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में भी काफी रोष है और वे पुलिस की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।
वहीं घटना के बाद चारों युवकों का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
इस मामले में कस्बा इंचार्ज रामनरेश यादव का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के समय संभवतः पुलिस टीम राउंड पर गई हुई थी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन सवाल यह उठता है कि जब चौराहे पर पुलिस का पहरा रहता है तो फिर बदमाश इतने बेखौफ कैसे हो गए।









