हाथरस के सादाबाद में सहपऊ कस्बा और आसपास के पांच गांवों में रविवार रात हाईटेंशन बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे कस्बा और गांवों में अंधेरा छा गया, वहीं सुबह पानी की गंभीर किल्लत का सामना करना पड़ा।
यह घटना रविवार रात करीब 8:55 बजे सहपऊ से खोंडा गांव जाने वाले बाईपास मार्ग पर हुई। तेज आंधी के कारण मंदिर के पास खड़ा एक विशाल पेड़ 11 केवी हाईटेंशन लाइन पर टूटकर गिर गया। इससे लाइन क्षतिग्रस्त हो गई और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
पेड़ गिरने से सहपऊ कस्बा के साथ नगला सुखराम, नगला बादाम, नगला मेवा, तकिया और गढ़ी गोसाई समेत पांच गांवों में रातभर बिजली गुल रही।
बिजली न होने के कारण नगर पंचायत में लगे दोनों अपर जलाशय के पंप बंद हो गए, जिससे सुबह पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। लोग पानी के लिए भटकते नजर आए।
कस्बा के निवासियों ने बताया कि रात में बिजली न आने पर उन्होंने लाइनमैन और अन्य अधिकारियों को फोन कर जानकारी देनी चाही, लेकिन उन्हें उचित जवाब नहीं मिला।
कुछ लोगों ने बताया कि लाइनमैन का फोन स्विच ऑफ था, जबकि अधिशासी अभियंता ने भी फोन नहीं उठाया।
इस संबंध में अवर अभियंता धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि रात में आई आंधी से हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिर गया था, जिससे कस्बा और पांच गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10 बजे तक पेड़ को हटाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।









