हाथरस। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में भगवान परशुराम जी की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को लेकर ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा उर्फ योगा पंडित ने बताया कि 19 मार्च, गुरुवार को आगरा रोड स्थित चित्रकूट बगीची से भगवान परशुराम जी की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को भव्य और दिव्य बनाने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से प्रसिद्ध बैंड और आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। इनमें मुंबई के प्रसिद्ध लालबाग के राजा गणेश जी, बाहुबली हनुमान जी, शिव तांडव, नाथ शिव जी की बारात, खाटू श्याम जी के दर्शन तथा भगवान गोवर्धन महाराज की झांकी प्रमुख रूप से शामिल रहेंगी।
उन्होंने बताया कि शोभायात्रा के दौरान शहर के चार प्रमुख चौराहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जो शोभायात्रा की समाप्ति तक चलते रहेंगे। यह शोभायात्रा नवरात्रि के प्रथम दिन निकाली जाएगी, जिसमें भक्तों को काली भैरवनाथ के भी दर्शन प्राप्त होंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान योगेंद्र शर्मा, तरुण शर्मा, जय शर्मा, प्रशांत शर्मा सहित ब्राह्मण महासभा के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।









