दाऊजी महाराज मंदिर में धूमधाम के साथ मनाई गई जिले की 29वीं वर्षगांठ, पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामवीर उपाध्याय को दी श्रद्धांजलि

0
15

 

हाथरस। जिले की 29वीं वर्षगांठ किला गेट स्थित दाऊजी महाराज मंदिर में धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर केक काटकर पूर्व मंत्री स्व. रामवीर उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम के दौरान दाऊजी महाराज मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने दाऊजी महाराज और रेवती मैया के फूल बंगला के दर्शन किए तथा 56 भोग का आयोजन भी किया गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने रामवीर उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि रामवीर उपाध्याय का नाम हाथरस के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए हाथरस को जनपद का दर्जा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जब हाथरस को जिला बनाए जाने की मांग तेज हुई, तब उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती के समक्ष स्पष्ट रूप से कहा था कि यदि हाथरस को जनपद का दर्जा नहीं मिला तो वह अपने पद पर बने रहना उचित नहीं समझेंगे।

उनकी इसी दृढ़ इच्छाशक्ति के चलते 3 मई 1997 को हाथरस को जनपद का दर्जा प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, आरती और अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए गए। अंत में प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय, मुरसान ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, चिराग उपाध्याय, निधि सारस्वत, के.के. दीक्षित, गिरीश पचौरी, मुकेश दीक्षित, चंद्रपाल गोला, नंदकिशोर, रामा पहलवान, ब्लॉक प्रमुख रामकिशन चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here