हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र स्थित मंडी समिति में दिनदहाड़े एक गल्ला व्यापारी के दफ्तर से करीब ढाई लाख रुपये की नगदी चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना मंडी समिति में स्थित तरुण कुमार–योगेश कुमार की गल्ला आढ़त पर हुई।
जानकारी के अनुसार व्यापारी तरुण कुमार सुबह कुछ देर के लिए दफ्तर से बाहर टॉयलेट गए हुए थे। इसी दौरान एक बदमाश दफ्तर में घुस गया और दराज (डोज) का लॉक तोड़कर उसमें रखी करीब ढाई लाख रुपये की नगदी लेकर फरार हो गया। जब तरुण कुमार वापस लौटे तो उन्होंने दराज का ताला टूटा हुआ पाया, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी का सुराग लगाया जा सके।
घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी नेता प्रवीण वैश्य भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर जल्द खुलासे की मांग की। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से मंडी के व्यापारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।









