हाथरस। थाना सासनी क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में प्रसव पीड़ा के दौरान गर्भवती महिला की मौत हो गई। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कस्बा मेंडू निवासी बंटू कुशवाहा अपनी 27 वर्षीय पत्नी पिंकी को प्रसव पीड़ा होने पर सासनी स्थित नव ज्योति नर्सिंग होम लेकर पहुंचे थे, जहां महिला का उपचार शुरू किया गया।
आरोप है कि अस्पताल स्टाफ द्वारा महिला को ड्रिप लगाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह अचेत हो गई। परिजनों का कहना है कि हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पति बंटू कुशवाहा ने बताया कि यह उनका पहला बच्चा था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।









