हाथरस।मेरा युवा भारत, हाथरस एवं जिला पूर्ति कार्यालय, हाथरस के संयुक्त तत्वावधान में आज जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय में 5 दिवसीय अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम यानी ईएलपी का शुभारंभ किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली यानी पीडीएस की कार्यप्रणाली से अवगत कराना तथा उन्हें सरकारी व्यवस्थाओं की जमीनी समझ प्रदान करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला खाद्य विपणन अधिकारी एवं जिला युवा अधिकारी हाथरस द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने उपस्थित युवाओं को किसान पंजीकरण यानी फार्मर रजिस्ट्री एवं वितरण प्रणाली की संपूर्ण कार्यप्रणाली के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि किसान पंजीकरण से लेकर खाद्यान्न क्रय, भंडारण एवं वितरण तक की पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से संचालित की जाती है, जिससे आम जनता तक खाद्यान्न की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
वहीं जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार ने युवाओं को मेरा भारत पोर्टल पर संचालित विभिन्न अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं के व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल सात युवाओं का चयन किया गया है, जिनमें सूरज, सौरभ, अम्बे रावत, रामू दीक्षित, दीपक, संदीप एवं धर्मवीर शामिल हैं।
कार्यक्रम की आगामी रूपरेखा के अंतर्गत 12 मई को हाथरस मंडी में क्रय केंद्र संचालन का अध्ययन कराया जाएगा। 13 मई को भारतीय खाद्य निगम हाथरस में भंडारण एवं गोदाम प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। 14 मई को उचित दर की दुकान पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के संचालन का अवलोकन कराया जाएगा, जबकि 15 मई को कार्यक्रम का समापन एवं प्रमाण पत्र वितरण किया जाएगा।
यह कार्यक्रम युवाओं को न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करेगा, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था को समझने का एक सशक्त माध्यम भी साबित होगा।









