हाथरस। थाना मुरसान क्षेत्र के पटैनी चौराहे के पास एक खेत में नीम के पेड़ से युवक का शव लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान गांव बमनई निवासी 22 वर्षीय आकाश पुत्र नेत्रपाल के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार आकाश राजस्थान में बर्तन बेचने का काम करता था। उसने परिवार को फोन कर बताया था कि वह घर लौट रहा है, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की।
कुछ समय बाद आकाश का शव मुरसान क्षेत्र में पटैनी चौराहे के निकट एक खेत में नीम के पेड़ पर रस्सी से लटका मिला। उसकी मोटरसाइकिल भी घटनास्थल के पास खड़ी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अगले महीने आकाश की शादी होने वाली थी और परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। शादी से पहले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से परिवार सदमे में है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।









