पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में जनपद हाथरस में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी सासनी एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना सासनी पुलिस, थाना हाथरस गेट तथा महिला थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा बड़ी सफलता प्राप्त की गई है।
थाना सासनी पुलिस को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति क्षेत्र में अवैध रूप से गांजा की पुड़िया बेचने का कार्य कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा बताए गए स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर छापेमारी की गई, जिसमें एक अभियुक्त करन उर्फ कलुआ को गांजा की पुड़िया बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से लगभग 250 गांजा की पुड़िया, जिनका कुल वजन 02 किलोग्राम 117 ग्राम है, बरामद की गई है। अभियुक्त की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के संबंध में थाना सासनी पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार अभियुक्त करन उर्फ कलुआ थाना सासनी का टॉप टेन अपराधी है, जिसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, जुआ अधिनियम, आबकारी अधिनियम एवं गुण्डा अधिनियम सहित कई गंभीर अभियोग पूर्व से पंजीकृत हैं।
जनपद पुलिस द्वारा अपराध एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







