हाथरस। अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाह ने थाना चन्दपा पर सलामी लेकर वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी अमित पाठक, प्रभारी निरीक्षक थाना चन्दपा श्याम सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
निरीक्षण के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, कम्प्यूटर कक्ष, हवालात, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क तथा थाना परिसर का भ्रमण किया। थाना कार्यालय में अभिलेखों की जांच कर उनके रखरखाव की स्थिति का अवलोकन किया गया और प्रभारी निरीक्षक सहित संबंधित कर्मियों को अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मालखाने के निरीक्षण के दौरान शस्त्रों के रखरखाव की स्थिति की समीक्षा की गई तथा समय-समय पर शस्त्रों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
साथ ही थाना परिसर एवं भवन की साफ-सफाई और समुचित रखरखाव को लेकर भी संबंधित को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान मुकदमों से संबंधित माल के विधिक निस्तारण के संबंध में भी प्रभारी निरीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।







